logo

सोनारी दोमुहानी में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब,बन्ना व सुधा गुप्ता ने किया नदी पूजन, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा संगम स्थल

जमशेदपुर :महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सोनारी दोमुहानी संगम घाट में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में हजारों शिवभक्तों ने भाग लिया और पूरा लौहनगरी क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने अपनी पत्नी सुधा गुप्ता के साथ मां स्वर्णरेखा नदी के विधिवत नदी पूजन से की। इसके पश्चात भव्य स्वर्णरेखा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर भगवान शिव की आराधना की।
इस अवसर पर बनारस के अस्सी घाट से आए प्रसिद्ध संत आशुतोष महाराज जी के नेतृत्व में पंडितों के समूह द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आरती संपन्न कराई गई। पूरे घाट क्षेत्र में “हर हर महादेव” और “भोलेनाथ की जय” के गगनभेदी नारों से वातावरण शिवमय हो उठा।
आरती के दौरान अलौकिक पुष्प वर्षा एवं आकर्षक आतिशबाजी ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। शिव भगवान से जुड़ी विभिन्न कलाकृतियां एवं झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं स्थानीय कलाकार कृष्ण मूर्ति द्वारा प्रस्तुत भजनों की अमृत वर्षा से श्रद्धालु भगवान शिव की भक्ति में लीन हो गए।
गौरतलब है कि सोनारी दोमुहानी संगम क्षेत्र का विकास पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के कार्यकाल में नए सिरे से किया गया था, जहां भगवान शिव की भव्य प्रतिमा की भी स्थापना की गई है। इस क्षेत्र को धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
महाशिवरात्रि पर हुए इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को भी नई ऊर्जा प्रदान की।

8
375 views