बड़ा सड़क हादसा टला तेज रफ्तार हाईवा ने टाटा पंच को 50 मीटर तक घसीटा,
परिवार बाल-बाल बचा
रामगढ़ ( कुजू ) ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबरदरहा चौक फोर लेन रांची–पटना मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार हाईवा ने आगे चल रही टाटा पंच को पीछे से टक्कर मार दी और करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। गनीमत रही कि कार सवार एक ही परिवार के चारों सदस्य पति-पत्नी और दो बच्चे सुरक्षित हैं। हालांकि महिला को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, टाटा पंच (गाड़ी संख्या HR29BB721) में सवार परिवार उड़ीसा से दिल्ली-फरीदाबाद की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी गाड़ी गोबरदहा चौक के पास पहुंची, पीछे से आ रही तेज रफ्तार हाईवा (गाड़ी संख्या JH02B 9352 ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार को लगभग 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।
हादसे के बाद हाईवा चालक भागने की कोशिश करने लगा। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और बोंगावार फोर लेन के सर्विस रोड तक उसका पीछा किया। वहां चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही कुजू पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाईवा को कब्जे में लेकर कुजू ओपी भेज दिया है। घायल महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाईवा की रफ्तार काफी तेज थी। यदि कार अनियंत्रित होकर पलट जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने फोर लेन पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर चिंता जताई है।
पुलिस का कहना है कि वाहन मालिक और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।