logo

महाशिवरात्रि पर पहली पायरी जुन्नारदेव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भजनों व रुद्राभिषेक से गूंजा मंदिर परिसर

महाशिवरात्रि पर पहली पायरी जुन्नारदेव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भजनों व रुद्राभिषेक से गूंजा मंदिर परिसर
जुन्नारदेव। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जुन्नारदेव क्षेत्र स्थित पहली पायरी मंदिर परिसर में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री भोलेनाथ सेवा समिति धार्मिक न्यास पहली पायरी जुन्नारदेव दमामी के सौजन्य से विशाला स्थित प्राचीन श्री गणेश-हनुमान मंदिर प्रांगण में 15 फरवरी 2026 को भगवान शंकर के भजनों की भव्य प्रस्तुति आयोजित की गई। इस अवसर पर मां भवानी जागरण ग्रुप द्वारा सुमधुर शिव भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे संपूर्ण क्षेत्र शिवमय हो उठा।
महाशिवरात्रि पर पहली पायरी के पवित्र कुंड में आस्था की डुबकी लगाने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। भक्तों ने ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी व सजावट से सजाया गया था, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा।
प्राचीन श्री गणेश-हनुमान मंदिर में विराजित श्री गणेश, हनुमानजी, श्री रामदरबार, शिव परिवार एवं माता दुर्गा की प्रतिमाओं का भव्य श्रृंगार किया गया। सुसज्जित प्रतिमाओं के दर्शन के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही।
इसी अवसर पर समिति के सदस्यों द्वारा माननीय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) महोदया एवं तहसीलदार महोदय की उपस्थिति में विधि-विधानपूर्वक रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए रुद्राभिषेक से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।
उल्लेखनीय है कि पहली पायरी स्थल को चौरागढ़ महादेव मंदिर की ऐतिहासिक चढ़ाई का प्रारंभिक बिंदु माना जाता है। मान्यता है कि यहां स्थित पवित्र कुंड में स्नान कर भगवान शिव के दर्शन करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी विश्वास के साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने कुंड में स्नान कर पूजा-अर्चना की।
मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विशेष व्यवस्थाएं की गईं, वहीं प्रशासन भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्क रहा। पूरे दिन जुन्नारदेव क्षेत्र शिव भक्ति में लीन नजर आया।
हर-हर महादेव! 🔱

0
0 views