logo

महाशिवरात्रि पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, रात्रि में धूमधाम से निकलेगी शिव बारात

महाशिवरात्रि पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, रात्रि में धूमधाम से निकलेगी शिव बारात
#जुन्नारदेव। आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम इस बार महाशिवरात्रि के अवसर पर देखने को मिला। भगवान भोलेनाथ के पावन पर्व पर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में शिवभक्त मंदिरों में उमड़ पड़े। विशेष रूप से जुन्नारदेव स्थित विशाला पहली पायरी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं।
भक्तों ने “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। कई श्रद्धालु उपवास रखकर भजन-कीर्तन में लीन नजर आए। मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया है, जिससे वातावरण और भी भक्तिमय हो उठा।
रात्रि में नगर में भव्य शिव बारात निकाली जाएगी, जिसमें भगवान शिव का मनमोहक श्रृंगार कर झांकी सजाई जाएगी। डीजे, ढोल-नगाड़ों और धार्मिक धुनों के बीच शिव बारात पूरे नगर का भ्रमण करेगी। आयोजन समितियों द्वारा बारात को ऐतिहासिक और भव्य बनाने की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
इधर, महाशिवरात्रि मेले को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस बल तैनात किया गया है, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष रूट प्लान लागू किया गया है। स्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद द्वारा साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर जुन्नारदेव नगर पूरी तरह शिवमय हो गया है। हर ओर भक्ति, उल्लास और आस्था की गूंज सुनाई दे रही है।
#महाशिवरात्रि #bholenathॐ #mahashivratri #omnamahshivaya #harharmahadev

8
320 views