logo

कटनी की प्राकृतिक और जैविक खेती को सात समंदर पार से आए फ्रांसीसी मेहमानों ने सराहा

🔳कटनी की प्राकृतिक और जैविक खेती को सात समंदर पार से आए फ्रांसीसी मेहमानों ने सराहा

🔳कटनी - जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास अब अंतरराष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ रहे हैं। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर शुरू नवाचारों से कटनी जिले में प्राकृतिक एवं जैविक खेती का रकबा लगातार बढ़ रहा है। किसानों का रुझान अब औषधीय एवं प्राकृतिक फसलों की ओर तेज़ी से बढ़ा है, जिसके चलते कटनी आज प्रदेश के अग्रणी जिलों में अपनी विशेष पहचान बना रहा है।

इसी क्रम में ग्रामीण पर्यटन और प्राकृतिक खेती का प्रत्यक्ष अनुभव लेने सात समुंदर पार फ्रांस से आए सात मेहमानों ने कटनी जिले के बिजौरी गांव पहुंचकर खेतों में प्राकृतिक खेती का अवलोकन किया।

पर्यावरणविद् एवं मानव जीवन विकास समिति के सचिव श्री निर्भय सिंह ने बताया कि भ्रमण के दौरान फ्रांसीसी अतिथियों को बिजौरी में प्राकृतिक पद्धति से की जा रही गेहूं की खेती दिखाई गई, जहाँ बिना किसी रासायनिक खाद और कीटनाशक के केवल जैविक खाद एवं प्राकृतिक दवाइयों से फसल लहलहा रही है। देशी और प्राकृतिक खेती का यह अनोखा अंदाज देखकर विदेशी मेहमान उत्साहित हो उठे और “वा…ओ…” कहते नजर आए।

अतिथियों को विस्तार से बताया गया कि कम लागत और अधिक उत्पादन वाली यह पद्धति किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विदेशी प्रतिनिधिमंडल इस बात से खासा प्रभावित हुआ कि समिति द्वारा किसानों को जैविक खाद एवं दवाइयाँ स्वयं तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाता है। साथ ही गांव-गांव में बायो रिसोर्स सेंटर (बीआरसी) स्थापित कर किसानों को उचित मूल्य पर जैविक इनपुट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

खेत भ्रमण के बाद फ्रांसीसी मेहमानों ने बिजौरी स्थित मानव जीवन विकास समिति के परिसर में विकसित आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी नर्सरी, फलोद्यान तथा अन्य पौध नर्सरियों का भी अवलोकन किया। कटनी की हरियाली, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण जीवनशैली को नजदीक से देखकर सभी अतिथि बेहद प्रसन्न नजर आए और इस मॉडल को प्रेरणादायक बताया।

फ्रांस से आए क्लाउड रैबर, जीन यवेस पोइरी, ऐनी फ्रैंकोइसआर, मैरिट कास्टे, ओडिले पोइरियर, जोएलेल रेनॉड और कैथरीन बीटिस्च सहित सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ग्रामीण पर्यटन, खेती-किसानी और स्थानीय परिवेश को समझने कटनी पहुंचा था। इंदौर से आए ट्रांसलेटर श्री यथार्थ तिवारी एवं गाइड श्री भूपेश शर्मा की सहायता से पूरे भ्रमण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

यह भ्रमण मध्यप्रदेश में ग्रामीण पर्यटन और प्राकृतिक खेती को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी

35
1580 views