खेत में झोपड़ी बनाकर तैयार कर रहे थे ड्रग्स 60 लाख की एमडी पकड़ी दो गिरफ्तार।
प्रतापगढ़ खेत में झोपड़ी बनाकर एमडी तैयार की जा रही थी। पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो मौके से फरार हो गए। मौके से 60 लाख की एमडी, एमडी बनाने व सूखाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। प्रतापगढ़ की हथुनिया थाना पुलिस ने 13 फरवरी को गश्त के दौरान ये कार्रवाई की।
एसपी बी आदित्य ने बताया- हथुनिया पुलिस टीम असावता से कुलथाना जाने वाले रास्ते पर गश्त कर रही थी। असावता गांव से लगभग डेढ़ से दो किलोमीटर दूर सड़क से करीब 150 मीटर अंदर खेत में एक मोटरसाइकिल और एक कार खड़ी दिखाई दी। पास ही सीमेंट की चादरों से बनी एक झोपड़ी में बिजली का बल्ब जल रहा था,
जिससे संदिग्ध गतिविधि का संदेह हुआ।
घेराबंदी करने पर झोपड़ी के अंदर चार व्यक्ति बैठे मिले। इनमें से दो अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि पुलिस ने दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुराद खान निवासी असावता, थाना हथुनिया, और मोहम्मद जुनेद निवासी नागलपुर, थाना बी डिवीजन मेहसाना, गुजरात के रूप में हुई है। फरार आरोपियों में जीवन आंजना, निवासी गंधेर, प्रतापगढ़ और शरीक उर्फ जेरी, निवासी गांधीनगर आगर रोड, उज्जैन (मध्यप्रदेश) शामिल हैं।
एमडी बनाकर सूखाने का काम चल रहा था झोपड़ी के अंदर जमीन पर ट्रे में मटमैला पदार्थ, सफेद कपड़ा,दो सफेद जरीकेन, हीटर, इंडक्शन कुकर, मिक्सर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा,लोहे की तगारी, स्टील के बर्तन,सोडा, केतली और बाल्टी सहित अन्य सामग्री मिली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने और फरार हुए दो अन्य व्यक्तियों ने मिलकर दो दिन पहले इन्हीं उपकरणों की सहायता से एमडी तैयार की थी और उसे सूखाने का काम चल रहा था।
पुलिस ने मौके से एमडी बनाने और सूखाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का एक मिनी फैक्ट्री सेटअप बरामद किया। इसके अलावा, एक लोडेड पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस,एक यामहा मोटरसाइकिल और एक कार भी जब्त की गई है।
पुलिस ने 1 किलो 897 ग्राम अवैध एमडी (मेफेड्रोन) जब्त की है जब्त एमडी की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है।