एम.आर.पी.डी राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ा में ‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन’ पर एक दिवसीय विस्तृत कार्यशाला आयोजित
तलवाड़ा-होशियारपुर,13 फरवरी ( अर्श ) : उच्च शिक्षा में डिजिटल संसाधनों की बढ़ती भूमिका को ध्यान में रखते हुए महंत राम प्रकाश दास राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ा के आई.ए.क्यू.सी सेल द्वारा ‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन ( ONOS )’ पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कॉलेज के अध्यापकगण, शोधार्थी और विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध ई-जर्नल, ई-बुक्स और विभिन्न शोध डेटाबेस की जानकारी प्रदान करना तथा उनके प्रभावी उपयोग के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में रिसोर्स पर्सन के रूप में कॉलेज रजिस्ट्रार प्रो. अजय कुमार अर्श ने प्रतिभागियों को ONOS योजना की पृष्ठभूमि, इसकी आवश्यकता और इससे मिलने वाले शैक्षणिक लाभों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्रस्तुति के माध्यम से समझाया कि किस प्रकार यह पहल देशभर के शिक्षण संस्थानों को समान रूप से उच्च गुणवत्ता वाले अध्ययन एवं शोध संसाधनों तक पहुंच उपलब्ध कराती है। उन्होंने लाइव उदाहरण देते हुए पोर्टल के उपयोग, सामग्री खोजने की विधि, रेफरेंस डाउनलोड करने तथा रिसर्च लेखन में इसके महत्व पर भी प्रकाश डाला । कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने बड़ी रुचि दिखाई और डिजिटल लाइब्रेरी, एक्सेस प्रक्रिया तथा विभिन्न विषयों से संबंधित सामग्री की उपलब्धता को लेकर अनेक प्रश्न पूछे, जिनका रिसोर्स पर्सन ने विस्तार से समाधान किया। शिक्षकों ने माना कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से अध्यापन और शोध कार्य अधिक प्रभावी बनेंगे, वहीं विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रोजेक्ट कार्यों में भी सहायता मिलेगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजीव खोसला ने अपने संबोधन में कहा कि नई शिक्षा नीति के दौर में डिजिटल संसाधनों की जानकारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस कार्यशाला से प्राप्त ज्ञान का लाभ सभी प्रतिभागी अपने शैक्षणिक और अनुसंधान कार्यों में अवश्य उठाएंगे। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
कार्यक्रम का समापन इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल के इंचार्ज प्रो. अजय कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। अंत में सभी उपस्थित प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों ने ऐसी उपयोगी और ज्ञानवर्धक कार्यशाला के आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
इस एक दिवसीय कार्यशाला में कॉलेज के सभी प्राध्यापक एवं छात्रगण उपस्थित थे ।