जनहित संज्ञान हेतु : बल्लभगढ़ तहसील में अवैध पार्किंग शुल्क वसूली एवं अभद्र व्यवहार के संबंध मेंl
मैं, क्षेत्र का निवासी, यह गंभीर विषय जन-जन एवं प्रशासन के संज्ञान में लाना चाहता हूँ कि बल्लभगढ़ तहसील परिसर (फरीदाबाद, हरियाणा) में पार्किंग के नाम पर आम नागरिकों से जबरन धन वसूली की जा रही है।
तहसील में आने वाले ग्रामीण एवं स्थानीय लोगों से वाहन खड़ा करने के नाम पर निर्धारित रसीद के बिना पैसा लिया जाता है। जब कोई व्यक्ति पैसे देने से मना करता है या वैध रसीद की मांग करता है, तो उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग, गाली-गलौज और अपमानजनक व्यवहार किया जाता है।
यह कार्य निम्न गंभीर प्रश्न खड़े करता है:
क्या पार्किंग वसूली का कोई वैध सरकारी आदेश या ठेका जारी हुआ है?
यदि हाँ, तो रसीद क्यों नहीं दी जाती?
क्या तहसील परिसर में इस प्रकार आम जनता का अपमान करना उचित है?
तहसील न्याय का स्थान है, जहाँ आम जनता अपने अधिकारों के लिए आती है। यदि वहीं पर लोगों का शोषण और अपमान होगा, तो यह लोकतंत्र और प्रशासन की गरिमा के विरुद्ध है।
जनहित की मांगें:
अवैध पार्किंग वसूली की तत्काल जांच की जाए।
यदि ठेका वैध है तो रेट सूची सार्वजनिक रूप से बोर्ड पर लगाई जाए।
गाली-गलौज करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
सीसीटीवी जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाए।
हम प्रशासन, जिला उपायुक्त महोदय एवं संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हैं।
यह मुद्दा केवल पैसों का नहीं, बल्कि सम्मान और अधिकारों का है।