logo

भोपाल फैमिली कोर्ट में ‘जुदाई’ जैसी हकीकत: प्रेमिका ने शादीशुदा प्रेमी के लिए दी डेढ़ करोड़ की संपत्ति

भोपाल।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की फैमिली कोर्ट में इन दिनों एक ऐसा मामला चर्चा में है, जिसने 90 के दशक की चर्चित फिल्म जुदाई की कहानी की याद दिला दी है। फर्क सिर्फ इतना है कि यह कहानी परदे की नहीं, बल्कि हकीकत की है।
मामला भोपाल के एक 42 वर्षीय सरकारी कर्मचारी से जुड़ा है, जिसका अपने ही विभाग में कार्यरत उससे लगभग 10 वर्ष वरिष्ठ महिला अधिकारी से प्रेम संबंध हो गया। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पारिवारिक रिश्तों में तनाव गहराता चला गया। पति-पत्नी के बीच रोज़ाना के झगड़ों का सीधा असर उनकी 16 और 12 वर्ष की बेटियों पर पड़ने लगा।
हालात इतने बिगड़ गए कि मानसिक तनाव से परेशान होकर बड़ी बेटी ने ही परिवार की भलाई के लिए फैमिली कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट में सुनवाई के दौरान पत्नी ने अपनी और दोनों बेटियों की आर्थिक सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए स्पष्ट शर्त रखी कि उसे एक डुप्लेक्स मकान और 27 लाख रुपये नकद चाहिए।
चौंकाने वाली बात यह रही कि पति की प्रेमिका ने इस प्रस्ताव को तुरंत स्वीकार कर लिया। मकान और नकद राशि मिलाकर कुल डेढ़ करोड़ रुपये देने पर वह राजी हो गई। प्रेमिका का कहना था कि वह नहीं चाहती कि उसके प्रेमी का परिवार आर्थिक रूप से असुरक्षित रहे।
अब दोनों पक्ष आपसी सहमति के साथ अलग होने को तैयार हैं और यह मामला सामाजिक व कानूनी हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Journalist: Anand Kishor
Akhand Bharat News: Bureau Chief
All India Media Association (AIMA)

0
0 views