logo

कल रामपुर, आज बाराबंकी… आखिर जिम्मेदार कौन ?..


उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार को हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे जिले में हड़कंप मचा दिया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नगर कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने सिविल कोर्ट के अधिवक्ता एवं प्रॉपर्टी डीलर शौएब किदवई (बॉबी) की गोली मारकर हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता शौएब किदवई रोज की तरह अपने काम से संबंधित गतिविधियों में व्यस्त थे, तभी अचानक बाइक पर सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के चलते जिले में दहशत का माहौल है और लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। दिनदहाड़े एक वकील की इस तरह हत्या होना प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
लगातार हो रही ऐसी घटनाएं यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि आखिर प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? जनता अब जवाब मांग रही है कि कल रामपुर और आज बाराबंकी जैसी घटनाओं का जिम्मेदार कौन है?

1
233 views