logo

बीडीवीआईसी में हाई स्कूल विद्यार्थियों के लिए आयोजित हुई गुडलक पार्टी, शिक्षकों ने दी बोर्ड परीक्षा की उपयोगी सीख

संवाददाता: देव ठाकुर (बिल्सी)

बिल्सी: नगर के भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज में शुक्रवार को हाई स्कूल के विद्यार्थियों के लिए गुडलक पार्टी का आयोजन बड़े उत्साह और आत्मीय वातावरण में किया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा दस के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य बोर्ड परीक्षा से पूर्व विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाना एवं उन्हें सकारात्मक ऊर्जा के साथ परीक्षा के लिए तैयार करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उत्तर पुस्तिका लिखने का सही प्रारूप, प्रश्नपत्र को ध्यानपूर्वक पढ़ने की विधि, समय प्रबंधन, उत्तरों को क्रमबद्ध और स्पष्ट रूप से लिखने के तरीके जैसी उपयोगी बातों को विस्तार से समझाया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें और घबराहट से दूर रहें। कॉलेज के उपप्रबंधक दिनेश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने का आह्वान किया।विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के बीच मित्रता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। साथ बिताए गए पलों की मधुर स्मृतियां जीवन भर साथ रहती हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पहले इस तरह का सौहार्दपूर्ण वातावरण विद्यार्थियों के मन को हल्का करता है और वे नई ऊर्जा के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होते हैं। इस अवसर पर प्रदीप कुमार सक्सेना, सुनील कुमार, गीता रानी, वरुण कुमार सिंह, अमित दीक्षित सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य एवं उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम की कामना की। संवाद

7
384 views