logo

स्व. राजेश पायलट राजकीय महाविद्यालय में एन.एस.एस. का एक दिवसीय शिविर संपन्न

बॉदीकुई, बांदीकुई स्थानीय स्व. राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बांदीकुई की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) की तीनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को तृतीय एकदिवसीय शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर में स्वयंसेवकों ने न केवल बौद्धिक सत्र में वैश्विक आर्थिक मुद्दों को समझा, बल्कि सामाजिक सरोकार निभाते हुए 'जॉय ऑफ गिविंग' का संदेश भी दिया। बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता डॉ. महेंद्र कुमार मीना ने 'अंतरराष्ट्रीय टैरिफ वॉर के भारत की अर्थव्यवस्था पर प्रभाव' विषय पर अपना व्याख्यान दिया। उन्होंने विस्तार से बताया कि कैसे विभिन्न देशों के बीच बढ़ते व्यापारिक प्रतिबंध और आयात शुल्क भारतीय बाजार, निर्यात और आम आदमी की क्रय शक्ति को प्रभावित करते हैं। उन्होंने भारत की आर्थिक आत्मनिर्भरता हेतु स्वदेशी वस्तुओं के अधिक से अधिक इस्तेमाल की आवश्यकता पर बल दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बजरंग लाल सैनी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एन. एस.एस. केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों को संयुक्त राष्ट्र संघ के निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया से लेकर वर्तमान तक किये गये शांति के प्रयासों और भारत की भूमिका पर विचार प्रकट किये। इस शिविर में मध्याहन पश्चात स्वयंसेवक गोद ली हुई बस्ती बाढ़ बिशनपुरा पहुंचे। वहाँ स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता रैली निकालकर ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया। एक अनुकरणीय पहल करते हुए, स्वयंसेवकों ने 'जॉय ऑफ गिविंग' अभियान के तहत अपनी पॉकेट मनी से पैसे एकत्रित किए। इन पैसों से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, बाढ़ बिशनपुरा के नन्हें विद्यार्थियों को स्टेशनरी सामग्री (कॉपी, पेन, पेंसिल आदि) व बिस्किट के पैकेट वितरित किए गए। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान देखकर स्वयंसेवकों ने सेवा के वास्तविक आनंद का अनुभव किया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन एवं निर्देशन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विष्णु कुमार शर्मा एवं हरिकिशन मीना द्वारा किया गया।

1
0 views