logo

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिला अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के सख्त निर्देश

जालौन। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार द्वारा की गई।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। जिला अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्कूल वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच, चालक एवं परिचालकों का अनिवार्य सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर मौजूद गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कराए जाने पर विशेष जोर दिया।

बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के संचालित वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाने, हेलमेट का अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित कराने, ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड वाहन चलाने तथा नशे की हालत में ड्राइविंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।

बैठक में जन-जागरूकता कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार, सड़कों से अतिक्रमण हटाने, अवैध कट बंद कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर सख्ती जारी रहेगी और जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

54
6485 views