
महाशिवरात्रि को लेकर हजारी महादेव मंदिर में तैयारियां तेज, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
इटावा।
ब्लॉक व तहसील ताखा में प्रसिद्ध सरसई नावर स्थित हजारी महादेव मंदिर में आगामी महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मेला स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने शिवरात्रि के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को चाक-चौबंद इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर एवं आने-जाने वाले मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और यातायात नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर कालिका माता सुंदर कांड सेवा समिति के राज किशोर गुप्ता, अनिल कुमार, रवि चक्रवर्ती, घनश्याम शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति द्वारा आयोजित किए जाने वाले विशाल भंडारे की तैयारियों की भी जानकारी ली गई।
इस दौरान उप जिलाधिकारी ताखा क्षेत्रता मिश्रा, क्षेत्राधिकारी भरथना रामदत्त मौर्य, थाना प्रभारी बलराज भाटी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।