logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

खेलों से निखरेगा प्रतिभा का भविष्य: 39 विद्यालयों को 299 फुटबॉल वितरित

बालाघाट (MG24 NEWS) 12 फरवरी 2026
जिले में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए पीएम श्री शासकीय जवाहर नवोदय विद्यालय में “फुटबॉल स्कूल हेतु” विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिले के 39 विद्यालयों को कुल 299 फुटबॉल वितरित कर खेल क्रांति की मजबूत नींव रखी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी एवं कोच मोहम्मद असलम शेख रहे। उनके साथ विद्यालय प्रभारी प्राचार्य बी.आर. पटेल, श्री महेंद्र कुमार एवं श्री जी.एस. यादव की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष ऊंचाई प्रदान की। दीप प्रज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
सहभागिता से सजी खेल पहल
इस आयोजन में प्रत्येक विद्यालय से एक शिक्षक एवं एक छात्र की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम को सहभागितापूर्ण स्वरूप मिला। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने खेलों के महत्व पर प्रेरणादायी उद्बोधन दिए। वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का सशक्त आधार है।
व्यवस्थित वितरण, उत्साह चरम पर
विद्यालय के पीईटी श्री एस.के. बनिक एवं सुश्री सुनीता सिंह के कुशल मार्गदर्शन में वितरण प्रक्रिया अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान 33 शिक्षकों एवं 33 छात्रों को कुल 256 फुटबॉल प्रदान किए गए, जबकि शेष फुटबॉल अन्य विद्यालयों को नियमानुसार वितरित किए जाने की जानकारी दी गई।
फुटबॉल वितरण के बाद 22 छात्रों ने मैदान में किक-ऑफ कर संक्षिप्त मैच खेला। मैदान में उमड़ा उत्साह, तालियों की गड़गड़ाहट और खिलाड़ियों का जोश यह संदेश दे रहा था कि बालाघाट की धरती से खेल प्रतिभाओं का नया इतिहास रचा जाएगा।
खेल भावना को मिलेगा नया आयाम
इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक सोच का विकास करना है। जिला स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा देने की यह पहल आने वाले समय में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन के साथ सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
बालाघाट अब केवल शिक्षा ही नहीं, खेलों में भी नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।

34
6666 views

Comment