
16 फरवरी से विशेष एमआर टीकाकरण अभियान 1.30 लाख बच्चों को लगेगी वैक्सीन
जालौन। जनपद में 16 से 27 फरवरी 2026 तक मीजिल्स-रूबेला (एमआर) के विरुद्ध विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी जालौन डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों कक्षा 1 से 5 में अध्ययनरत 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1,30,450 बच्चों को एमआर वैक्सीन की बूस्टर डोज लगाई जाएगी।
सीएमओ के अनुसार जिले के 1889 स्कूलों को इस अभियान में शामिल किया गया है। लक्ष्य है कि अधिक से अधिक बच्चों को खसरा और रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित किया जा सके। अभियान के लिए विस्तृत माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है तथा वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। टीकाकरण से संबंधित सभी विवरण यू विन U-Win पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे।
अभियान के संचालन के लिए प्रत्येक एएनएम को प्रतिदिन 100 से 125 बच्चों का टीकाकरण करने का लक्ष्य दिया गया है। बुधवार और शनिवार को नियमित टीकाकरण दिवस होने के कारण उन दिनों को छोड़कर शेष कार्यदिवसों में विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. वीरेन्द्र सिंह ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों सहित आसपास के 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को विद्यालय में अनिवार्य रूप से टीका लगवाएं, ताकि जनपद को खसरा और रूबेला मुक्त बनाया जा सके। उल्लेखनीय है कि पिछली बार जिले में मीजिल्स के 91 और रूबेला के 09 पॉजिटिव मामले सामने आए थे, जिसके मद्देनजर प्रशासन इस बार शत-प्रतिशत टीकाकरण के लिए विशेष सतर्कता बरत रहा है।