logo

वाराणसी : दुकान में लगी भीषण आग, डेढ़ लाख नकदी समेत लाखों के कपड़े जलकर नष्ट


वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के हैदराबाद गेट के पास सुसुवाही इलाके में बुधवार देर रात एक कपड़े धुलाई और पॉलिश की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखे डेढ़ लाख नकदी समेत लाखों रुपये मूल्य के कपड़े जलकर नष्ट हो गए। सूचना के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। अगलगी की घटना में लाखों के नुकसान की आशंका है।



दुकानदार सोमारू कनौजिया ने बताया कि वह लंबे समय से कपड़ों की धुलाई और पॉलिश का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इन दिनों वे अपना मकान बनवा रहे थे। इसी सिलसिले में उन्होंने एक दिन पहले ही बैंक से लगभग 1.50 लाख रुपये नकद निकाले थे, जिसे अस्थायी रूप से दुकान में रखा था। दुर्भाग्य से आग की घटना में पूरी रकम जलकर नष्ट हो गई।

दुकान में ग्राहकों के धुलाई व पॉलिश के लिए रखे गए महंगे कपड़े, साड़ियां और अन्य परिधान भी आग की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों के अनुसार जले हुए कपड़ों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये तक बताई जा रही है। इस भारी नुकसान से पीड़ित परिवार पर गहरा आर्थिक संकट छा गया है।


अगलगी की घटना के बाद अफरातफरी मच गई। आसपास सटी दुकानों में भी आग फैलने का खतरा था। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, जिससे आसपास की अन्य दुकानें सुरक्षित बच गईं। पार्षद सुरेश पटेल ने तत्काल 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और आगे हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

27
980 views