
खुटार में दर्दनाक सड़क हादसा: पेट्रोल पंप सेल्स मैनेजर की मौत, शादी में जा रहे थे
खुटार। थाना क्षेत्र के गांव टाहखुर्द कलां में गुरुवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गांव निवासी मोहम्मद मुगली (पुत्र मुकीम), जो गांव मलिका स्थित शुक्ला फिलिंग स्टेशन पर सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे, की ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब 8:30 बजे मोहम्मद मुगली बाइक से खुटार कस्बे में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही वह गांव सौफरी के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खुटार लाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
मोहम्मद मुगली की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार वह मिलनसार और मेहनती स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके निधन से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।