logo

महाशिवरात्रि पर बिल्सी में सजेगी बाबा महाकाल की भव्य शाही बारात, 15 फरवरी को होगा शिव विवाह

संवाददाता: देव ठाकुर

बिल्सी: हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बिल्सी नगर में बाबा महाकाल की भव्य शाही बारात बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ निकाली जाएगी। श्री महाकाल बाबा सेवा समिति, बिल्सी के तत्वावधान में आयोजित यह धार्मिक आयोजन 15 फरवरी 2026 दिन रविवार को संपन्न होगा। समिति के अनुसार, बाबा महाकाल की शाही बारात प्रातः 10 बजे अंबियापुर से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री शिव शक्ति भवन मंदिर पहुंचेगी। बारात में आकर्षक झांकियां, भूत-प्रेतों की अनोखी बारात, बैंड-बाजों की धुन और श्रद्धालुओं की भक्ति उमंग वातावरण को भक्तिमय बना देगी। नगरवासियों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इसी दिन सायं 6 बजे श्री शिव शक्ति भवन मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ शिव विवाह का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाह के साक्षी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। श्री महाकाल बाबा सेवा समिति, बिल्सी ने सभी श्रद्धालु भक्तों से अपील की है कि वे सपरिवार अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बाबा महाकाल की शाही बारात एवं शिव विवाह में सहभागिता करें और आशीर्वाद प्राप्त करें।

5
1040 views