
वाराणसी : हरिश्चंद्र घाट मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई, 10 दुकानदारों पर मुकदमा
वाराणसी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में बुधवार शाम एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के नेतृत्व में हरिश्चंद्र घाट मार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क पर अतिक्रमण कर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले 10 दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि इस मार्ग पर अस्थायी दुकानें, अवैध पार्किंग और सड़क घेरकर व्यापार करने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। ट्रैफिक दबाव बढ़ने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे स्थानीय लोगों और घाट पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए यह सख्त कदम उठाया गया।
उन्होंने जानकारी दी कि बृहस्पतिवार से हरिश्चंद्र घाट मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो और यातायात निर्बाध रूप से चलता रहे। साथ ही सर्किल के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में किसी भी हालत में सड़क पर कब्जा या अवैध स्टैंड न बनने दें।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध पार्किंग, अस्थायी दुकानें और सड़क किनारे अवैध रूप से व्यापार करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। अभियान के बाद क्षेत्र में दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति रही, जबकि स्थानीय नागरिकों ने इस कार्रवाई को राहत भरा कदम बताया है।