logo

CM डैशबोर्ड में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने मारी बाजी, प्रदेश में मिला चौथा स्थान





वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी ने सीएम डैशबोर्ड की माह जनवरी 2026 की जारी रैंकिंग में प्रदेश स्तर पर चौथा स्थान प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 51 विभिन्न पैरामीटर पर आधारित इस रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन करते हुए वाराणसी ने प्रदेश के टॉप जिलों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है। यह सफलता पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के कुशल निर्देशन और साप्ताहिक समीक्षा की प्रभावी मॉनिटरिंग का परिणाम मानी जा रही है।

सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग अपराध नियंत्रण, विवेचना निस्तारण, पुरस्कार घोषित व वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, डायल 112 की रिस्पांस टाइम, गौ तस्करी और एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई, महिला अपराधों में हस्तक्षेप, एससी/एसटी एक्ट, गुण्डा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही जैसे 51 बिंदुओं पर आधारित होती है। साथ ही विभिन्न मामलों में न्यायालयों से दोषसिद्धि सुनिश्चित करना भी मूल्यांकन का महत्वपूर्ण आधार है। इन सभी क्षेत्रों में संतुलित और प्रभावी प्रदर्शन के चलते वाराणसी को प्रदेश में चौथा स्थान मिला है।



साप्ताहिक समीक्षा और सख्त मॉनिटरिंग का मिला परिणाम
पुलिस आयुक्त द्वारा सभी पैरामीटरों की नियमित साप्ताहिक समीक्षा और सतत मॉनिटरिंग की जाती रही है। इसी क्रम में प्रत्येक इकाई की जवाबदेही तय कर प्रदर्शन में सुधार लाया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम वर्क तथा स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण से जनवरी माह की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला।


अंतिम 10 से टॉप-10 तक का सफर
वर्ष 2023 और 2024 में सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में वाराणसी प्रायः प्रदेश के अंतिम 10 जिलों में स्थान पाता था। हालांकि निरंतर प्रयासों और कार्यशैली में बदलाव के चलते पिछले छह महीनों से वाराणसी लगातार प्रदेश के टॉप-10 में अपनी जगह बनाए हुए है। जनवरी 2026 में चौथा स्थान प्राप्त करना इस परिवर्तन की बड़ी मिसाल माना जा रहा है।


महिला अपराध और ऑपरेशन कनविक्शन में बेहतर प्रदर्शन
महिला अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते जनपद का प्रदर्शन सराहनीय रहा है। इसके अलावा ऑपरेशन कनविक्शन के तहत सशक्त विवेचना, मजबूत पैरवी और निरंतर फॉलोअप के परिणामस्वरूप न्यायालयों में दोषियों को सजा दिलाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है।


नागरिक केंद्रित पुलिसिंग का उदाहरण
समग्र प्रदर्शन में उच्च अंक प्राप्त कर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने सिटीजन सर्विसेज के क्षेत्र में दक्ष, उत्तरदायी और परिणामोन्मुख पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक सुधार का संकेत है, बल्कि जनता के विश्वास को मजबूत करने की दिशा में भी एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

7
176 views