logo

राजीव गांधी स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, कर्नाटक में नशा मुक्त भारत एवं अंगदान अभियान का शुभारंभ

बेंगलुरु (दलपतसिंह भायल )राजीव गांधी स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, कर्नाटक द्वारा दिशाबोध सस्टेनेबल कम्युनिटी डेवलपमेंट फाउंडेशन एवं नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के सहयोग से “स्वास्थ्य भारत, श्रेष्ठ भारत – नशा मुक्त भारत, नशा मुक्त कर्नाटक, नशा मुक्त कैंपस एवं ऑर्गन डोनेशन कैंपेन” के अंतर्गत नई पहल का भव्य उद्घाटन समारोह बुधवार को बैंक्वेट हॉल, विधान सौधा, बेंगलुरु में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करना तथा समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा। समारोह में “अंगदान सबसे बड़ा दान है – मानवता सर्वोपरि है” का संदेश प्रमुखता से दिया गया।
इस अवसर पर कर्नाटक सरकार की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश, गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर, सभापति बसवराज होरहवी तथा स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडूराव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नशा मुक्त कर्नाटक और अंगदान अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ और जागरूक युवा ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं। नशा मुक्त कैंपस की पहल से शैक्षणिक संस्थानों में सकारात्मक वातावरण बनेगा, वहीं अंगदान के प्रति जागरूकता से अनेक लोगों को नया जीवन मिल सकेगा।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह का समापन समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।

37
2055 views