logo

खलीलाबाद में मौलाना के घर ईडी की छापेमारी, विदेशी फंडिंग और संपत्ति निर्माण की जांच

खलीलाबाद में मौलाना के घर ईडी की छापेमारी, विदेशी फंडिंग और संपत्ति निर्माण की जांच

संतकबीरनगर।
जनपद संतकबीरनगर के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र स्थित मीट मंडी में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने मौलाना शमशुल हुदा के आवास पर छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई सुबह करीब 8 बजे प्रारंभ हुई, जो समाचार लिखे जाने तक जारी रही।
छापेमारी के दौरान सुरक्षा के मद्देनज़र आवास के बाहर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की तैनाती की गई है। किसी भी बाहरी व्यक्ति को घर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। ईडी की टीम घर के भीतर मौजूद परिजनों से गहन पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम मौलाना शमशुल हुदा की पत्नी और बहू से पूछताछ कर रही है, जबकि उनका बेटा तौसीफ रज़ा मौके पर मौजूद नहीं बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि खलीलाबाद में एक मदरसे के निर्माण के नाम पर विदेशों से बड़ी मात्रा में फंड एकत्र किया गया। आशंका जताई जा रही है कि इसी विदेशी फंडिंग के माध्यम से बड़ी संपत्तियां बनाई गईं।
मामले में ईडी के साथ-साथ एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) भी सक्रिय रूप से जांच कर रही है। एजेंसियां संबंधित दस्तावेजों, बैंक खातों, लेन-देन और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल छापेमारी और पूछताछ की कार्रवाई जारी है, और जिले में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर बना हुआ है।

3
758 views