logo

फाइलेरिया से बचाव जरूरी! धोरैया में बच्चों को खिलाई गई मुफ्त दवा | जानिए पूरी जानकारी

धोरैया (बांका): प्रखंड क्षेत्र को फाइलेरिया मुक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया। धोरैया स्थित बालिका कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख रंजू देवी एवं बीडीओ अरविंद कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपस्थित छात्राओं एवं ग्रामीणों को फाइलेरिया रोग से बचाव और दवा सेवन के महत्व की जानकारी दी। प्रमुख रंजू देवी और बीडीओ अरविंद कुमार ने बच्चों को अपने समक्ष दवा खिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की और सभी से निर्धारित खुराक लेने की अपील की।
इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य प्रबंधक ए.के. श्यामला, बीसीएम उद्धव कुमार, आशा कार्यकर्ता किरण देवी समेत अन्य स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
उम्र के अनुसार दवा की मात्रा
बीसीएम उद्धव कुमार ने बताया कि दवा उम्र के आधार पर दी जा रही है—
2 से 5 वर्ष तक के बच्चों को 1 गोली डाइइथाइलकार्बामैजिन (DEC) एवं 1 गोली एल्बेंडाजोल।
6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को 2 गोली DEC और 1 गोली एल्बेंडाजोल।
15 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को 3 गोली DEC एवं 1 गोली एल्बेंडाजोल।
स्वास्थ्य प्रबंधक ए.के. श्यामला ने बताया कि 2 वर्ष से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाएं तथा गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति यह दवा न लें। दवा हमेशा भोजन के बाद ही सेवन करें तथा एल्बेंडाजोल की गोली को चबाकर खाएं। स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति में ही दवा लेना सुनिश्चित किया जाए।
विशेषज्ञों ने जानकारी दी कि दवा सेवन के बाद शरीर में मौजूद परजीवियों के नष्ट होने की प्रक्रिया के दौरान हल्का बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, उल्टी या खुजली जैसी सामान्य प्रतिक्रिया हो सकती है। ऐसी स्थिति में घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।
अधिकारियों ने बताया कि फाइलेरिया मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से फैलता है। इससे बचाव के लिए मच्छरदानी का उपयोग करें और आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। सरकार द्वारा यह दवा वर्ष में एक बार निःशुल्क घर-घर उपलब्ध कराई जाती है, इसलिए सभी लोग इसका सेवन अवश्य करें।

संवाददाता अंग संदेश।
व, ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन जन जन की आवाज
जय हिंद जय भारत🇳🇪

8
571 views