
कलेक्टर ने किया विभिन्न बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
कलेक्टर ने किया विभिन्न बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
बानमौर एवं अम्बाह क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा
जिले में मध्यप्रदेश बोर्ड परीक्षाओं का संचालन 10 फरवरी से शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से प्रारंभ हो गया है। परीक्षाओं की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री जांगिड़ ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा यह सुनिश्चित किया कि परीक्षाएं शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप, बिना किसी व्यवधान के संचालित हो रही हैं। उन्होंने केंद्राध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया में अनुशासन, सुरक्षा एवं पारदर्शिता सर्वाेपरि रहे।
कलेक्टर द्वारा जैतपुर स्कूल बानमोर, सेंट पॉल स्कूल बानमोर, पंडित नेहरू डी.ई.डी. कॉलेज बानमोर एवं आईटीआई कॉलेज मुरैना में स्थापित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान परीक्षा कक्षों, उपस्थिति पंजी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा केंद्रों पर तैनात स्टाफ की कार्यप्रणाली की जांच की गई। सभी केंद्रों पर परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित पाई गईं।
इसके अतिरिक्त कलेक्टर श्री जांगिड़ ने मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल पोरसा, बालक लोचनदास स्कूल अम्बाह, एम.एल.डी. स्कूल अम्बाह एवं एम.एल.डी. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बाह का भी भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षाओं का संचालन पूर्ण निष्पक्षता, अनुशासन एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित किया जाए।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #boardexam