गोंडा में वन माफिया का तांडव: तेलाईपुरवा में एक दर्जन हरे सागौन के पेड़ काटे
जनपद गोंडा के खरगूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अमवा खुदाई नगर के पास स्थित तेलाईपुरवा इलाके में अवैध पेड़ कटान का मामला सामने आया है। यहां वन माफिया द्वारा लगभग 10 से 12 हरे और कीमती सागौन के पेड़ काटे जाने की पुष्टि हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह कटाई रात के समय की गई ताकि किसी को भनक न लगे। सुबह जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो कई सागौन के पेड़ कटे पाए गए। सागौन की लकड़ी अत्यंत मूल्यवान मानी जाती है, जिससे इस अवैध कटान को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि यह काम संगठित वन माफिया द्वारा किया गया है। मामले में रामधीरज नामक व्यक्ति पर संलिप्तता के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक किसी भी व्यक्ति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग और पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में वन संपदा को भारी नुकसान हो सकता है।
इस संबंध में अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।