
रांगा थाना में शांति समिति की बैठक, बीडीओ ने सौहार्द व शांति से होली मनाने की अपील
साहिबगंज जिले के रांगा थाना परिसर में मंगलवार को पतना प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) श्री कुमार देवेश द्विवेदी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बीडीओ श्री कुमार देवेश द्विवेदी ने कहा कि होली आपसी प्रेम और भाईचारे का त्योहार है, जिसे सभी समुदाय मिल-जुलकर शांति के साथ मनाएं। उन्होंने बताया कि इस समय माह-ए-रमजान भी चल रहा है, ऐसे में सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। किसी भी प्रकार के झगड़े, लड़ाई, उपद्रव या अफवाह फैलाने से बचें, अन्यथा पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ेगी।
उन्होंने जानकारी दी कि जिला प्रशासन द्वारा 15 मार्च को होली मनाने की घोषणा की गई है। होली के दौरान क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। त्योहार के दौरान पूरे क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी रहेगी।
अंत में प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे होली पर्व को खुशी, आपसी सौहार्द और शांति के वातावरण में मनाकर सामाजिक एकता का परिचय दें।
मो सैफुल्लाह अंसारी
जिला सदस्य - मानवाधिकार सुरक्षा एवं संरक्षण ऑर्गेनाइजेशन
एवं सदस्य ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन साहिबगंज झारखंड