गोहन में हिंदू सम्मेलन का आयोजन, जातिवाद छोड़कर एकता का किया गया आह्वान
Bhola pathak/nilkamal
ईंटों (जालौन)-
गोहन क्षेत्र में हिंदू समाज की एकता को सुदृढ़ करने और सनातन संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से एक भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों, समाजसेवियों, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर संगठित रहने का संदेश देना रहा।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला कार्यवाह गौतम त्रिपाठी (नाहिली) ने कहा कि विदेशी आक्रांताओं ने सदियों तक भारत की संस्कृति और परंपराओं को समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन वे कभी सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे में निहित है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हिंदू समाज जातियों में बंटने के बजाय एकजुट होकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करे।
कार्यक्रम के दौरान अनजाना म्यूजिक ग्रुप द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत “खून से ज्यादा ताकत है भारत के पानी में” की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। गीतों ने लोगों में देशभक्ति और सामाजिक एकता की भावना का संचार किया।
इस अवसर पर राम किशोर दास महाराज ने कहा—
“जाति-पाति की करो विदाई,
हम सब हिंदू भाई-भाई।”
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म आस्था, संस्कार और समरसता का प्रतीक है, जिसे कोई भी शक्ति कमजोर नहीं कर सकती।
आचार्य तेजस ने युवाओं से समाज में सद्भाव बनाए रखने और सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की। सम्मेलन के दौरान भारत माता की विधिवत पूजा-अर्चना एवं सामूहिक आरती की गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहारीदास महाराज ने की| कार्यक्रम में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गोहन थाना प्रभारी सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन आनंद कुमार यादव ने किया।इस मौके पर शिवपूजन,बसंत पाराशर,गोपाल दुबे,गौरव राठौर,सुरेंद्र परिहार,लवकुश लंबरदार,पवन मुखिया,आशीष तिवारी,सुशील पाराशर,अजीत उपाध्याय,दीपक उदैनिया,राजपाल चौहान,अशोक सेंगर,राजेंद्र सेंगर,नीलकमल,महेंद्र परिहार,कुलदीप तिवारी,सहित अनेक महिला पुरुष मौजूद रहे|