logo

मुजफ्फरपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के चौथे दिन बवाल ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम में झड़प, सड़क पर आगजनी से तनाव

मुजफ्फरपुर से बड़ी खबर
मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित लकड़ी ढाई बांध रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान के चौथे दिन माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। अभियान का विरोध कर रहे ग्रामीणों और प्रशासनिक टीम के बीच तीखी झड़प हो गई, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीण कार्रवाई का विरोध कर रहे थे, जबकि कुछ लोग प्रशासन के पक्ष में खड़े थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। विरोध कर रहे लोगों ने सड़क पर आगजनी कर दी और बांस-बल्ले लगाकर मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उनके घरों को उजाड़ा जा रहा है, जो सरासर अन्याय है। कई परिवार वर्षों से वहां रह रहे हैं और अब वे पुनर्वास की मांग पर अड़े हुए हैं।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों को समझाने और हालात को नियंत्रित करने में जुटे रहे। हालांकि देर तक तनाव बना रहा और सड़क पर आवागमन बाधित रहा, जिससे आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
प्रशासन का कहना है कि यह अतिक्रमण हटाओ अभियान न्यायालय के आदेश के अनुसार चलाया जा रहा है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई हालात को देखते हुए की जाएगी।

0
0 views