logo

PRO जनसंपर्क छिंदवाड़ा ने जारी किया “राहवीर योजना” का जागरूकता पोस्टर सड़क दुर्घटनाओं में घायल की जान बचाने पर मिलेगा ₹25,000 का ईनाम

PRO जनसंपर्क छिंदवाड़ा ने जारी किया “राहवीर योजना” का जागरूकता पोस्टर
सड़क दुर्घटनाओं में घायल की जान बचाने पर मिलेगा ₹25,000 का ईनाम
छिंदवाड़ा।
सड़क दुर्घटनाओं में समय पर सहायता न मिलने से होने वाली मौतों को रोकने और आम नागरिकों को मानवता के कार्य के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित “राहवीर योजना” का प्रचार-प्रसार तेज किया जा रहा है। इसी क्रम में PRO जनसंपर्क छिंदवाड़ा द्वारा “राहवीर योजना” का जागरूकता पोस्टर जारी किया गया है।
पोस्टर के माध्यम से नागरिकों से अपील की गई है कि वे “किसी की जिंदगी का रक्षक” बनें और सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की मदद कर उसकी जान बचाएं। योजना के तहत यदि कोई भी व्यक्ति सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर नजदीकी शासकीय या मान्यता प्राप्त अस्पताल पहुँचाकर उसकी जान बचाने में सहायक बनता है, तो उसे शासन की ओर से ₹25,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
क्या है राहवीर योजना
राहवीर योजना का उद्देश्य आम नागरिकों में यह विश्वास पैदा करना है कि दुर्घटना पीड़ित की मदद करने पर उन्हें किसी भी प्रकार की कानूनी या प्रशासनिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके साथ ही मानवता की मिसाल कायम करने वालों को सम्मानित कर समाज में सकारात्मक संदेश देना भी इस योजना का मुख्य उद्देश्य है।
आमजन से अपील
जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी पोस्टर में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी नागरिक, चाहे वह राहगीर हो, वाहन चालक हो या आसपास मौजूद व्यक्ति—यदि वह घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाता है और उसकी जान बचाने में मदद करता है, तो वह इस योजना का पात्र होगा।
प्रशासन की पहल सराहनीय
“राहवीर योजना” सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल मानी जा रही है, जिससे न केवल दुर्घटना के बाद मदद का डर कम होगा, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होगी।
जनसंपर्क विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाएं और आवश्यकता पड़ने पर बिना संकोच घायल की मदद करें, क्योंकि एक सही समय पर उठाया गया कदम किसी की पूरी जिंदगी बचा सकता है।

1
213 views