logo

चौरागढ़ महादेव पचमढ़ी मेला: 83 किलोमीटर के सफर में 400 की खुली वसूली, आस्था पर भारी अवैध किराया

चौरागढ़ महादेव पचमढ़ी मेला: 83 किलोमीटर के सफर में 400 की खुली वसूली, आस्था पर भारी अवैध किराया
न्यूज़ रिपोर्ट: #junnardeoexpress
छिंदवाड़ा। पचमढ़ी स्थित भूरा भगत चौरागढ़ महादेव मेला वर्षों से श्रद्धा, आस्था और विश्वास का प्रतीक रहा है, लेकिन इस पावन यात्रा में अब आस्था से ज्यादा बस ऑपरेटरों की मनमानी सुर्खियों में है। महादेव के दर्शन को निकलने वाले श्रद्धालुओं से खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर मनमाना किराया वसूला जा रहा है, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
छिंदवाड़ा से भूरा भगत महादेव की दूरी लगभग 83 से 84 किलोमीटर है। आरटीओ द्वारा इस दूरी के लिए निर्धारित किराया मात्र 104 रुपए है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे कोसों दूर है। बस ऑपरेटर यात्रियों से सीधे 350 से 400 रुपए तक वसूल रहे हैं। श्रद्धालु मजबूरी में यह रकम चुकाने को विवश हैं, क्योंकि मेले के दौरान विकल्प सीमित हो जाते हैं।
इतना ही नहीं, पचमढ़ी के लिए आरटीओ द्वारा तय 175 रुपए के किराए के बजाय महादेव मेला जाने वाले यात्रियों से 250 से 300 रुपए तक की अवैध वसूली की जा रही है। यह पूरी प्रक्रिया खुलेआम, बिना किसी भय के चल रही है।
नियमों के अनुसार प्रत्येक बस में किराया सूची (रेट लिस्ट) का स्पष्ट रूप से लगाना अनिवार्य है, ताकि यात्रियों को उनके अधिकारों की जानकारी रहे। लेकिन अधिकांश बसों में न तो रेट लिस्ट नजर आती है और न ही किसी प्रकार का किराया विवरण। सवाल यह उठता है कि आखिर यह सब किसकी शह पर हो रहा है?
सूत्रों के अनुसार कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की कथित साठ–गांठ के चलते बस ऑपरेटरों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रशासन की उदासीनता के कारण श्रद्धालुओं की जेब पर दिनदहाड़े डाका डाला जा रहा है और नियम-कानून सिर्फ कागजों तक सीमित रह गए हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या आस्था की इस पवित्र यात्रा में लूट का यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा, या फिर प्रशासन जागेगा और नियमों को सख्ती से लागू कर श्रद्धालुओं को राहत देगा? महादेव के दर पर जाने वाले श्रद्धालु अब सिर्फ दर्शन नहीं, न्याय की भी उम्मीद लगाए बैठे हैं।

0
0 views