logo

रमजान व भीषण गर्मी से पहले नागरिकों ने सुविधाओं को लेकर प्रशासन से की गई ठोस मांगें अशफाक राईन समाजसेवी

जालौन। पवित्र माहे रमजान 2026 और आगामी भीषण गर्मी को देखते हुए नगर व तहसील जालौन की जनहित से जुड़ी मूलभूत समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया है। सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जिम्मेदार नागरिकों ने जिलाधिकारी जालौन को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक सुविधाएँ तत्काल सुनिश्चित कराए जाने की मांग की है।

ज्ञापन में अवगत कराया गया है कि 18 फरवरी से रमजान माह की शुरुआत हो रही है। ऐसे में बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाना अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान में बिजली कटौती, पेयजल संकट, आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या तथा खराब सार्वजनिक सुविधाएँ आमजन के लिए गंभीर परेशानी बनी हुई हैं।

नागरिकों ने मांग की है कि रमजान के दौरान 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, प्रत्येक मोहल्ले में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा आवारा गौवंश और कुत्तों से बच्चों व आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कार्रवाई की जाए।

इसके साथ ही गर्मी के मद्देनज़र नगर में स्थापित ठंडे पानी की मशीनों का सर्वे कर खराब मशीनों को तत्काल ठीक कराने, तथा आवारा पशुओं के लिए निर्धारित चराई स्थलों पर साफ सफाई और पानी की समुचित व्यवस्था कराने की भी मांग उठाई गई है।

ज्ञापन की प्रतिलिपि उपजिलाधिकारी जालौन को भी प्रेषित की गई है। अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इन जनहित से जुड़ी मांगों पर कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है।

27
4366 views