
महाशिवरात्रि को लेकर प्रशासन सतर्क, कंट्रोल रूम से होगी निगरानी, डीएम और एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने मार्कण्डेय महादेव मंदिर का किया निरीक्षण
वाराणसी। महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं के सुचारु दर्शन, जलाभिषेक और सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार एवं एडिशनल पुलिस कमिश्नर शिवहरि मीणा ने सोमवार को मार्कण्डेय महादेव मंदिर और उससे जुड़े घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, आसपास के क्षेत्रों, प्रस्तावित मेला स्थल और घाट पर की जा रही तैयारियों का गहन जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन तथा मंदिर क्षेत्र और घाट की साफ-सफाई को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने मंदिर के प्रवेश और निकास द्वारों की व्यवस्था का निरीक्षण किया और मंदिर के मुख्य पुजारी से संवाद कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में मल्टीपल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए डीपीआरओ को अतिरिक्त सफाई कर्मियों और सुपरवाइजरों की तैनाती के निर्देश दिए। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर परिसर और प्रवेश द्वार पर महिला पुलिसकर्मियों एवं मंदिर प्रबंधन समिति के स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए जिगजैग बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने तथा निर्माणाधीन और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया।
घाटों पर सुरक्षा के दृष्टिगत डीप वाटर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल टैंकर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही घाट पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने और खराब लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने को कहा गया। भीड़ नियंत्रण के लिए होल्डिंग एरिया और पार्किंग व्यवस्था विकसित करने, घाट पर जल पुलिस चौकी स्थापित करने तथा गोताखोरों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने कंट्रोल रूम स्थापित कर कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने, नाविकों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य करने और विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं के जूते-चप्पल की सुरक्षा के लिए क्लॉक रूम और लॉकर रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के उपरांत सभी अधिकारियों ने मार्कण्डेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर डीसीपी प्रमोद कुमार, एसडीएम नितिन सिंह, डीपीआरओ, एएमए जिला पंचायत, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।