हरियाणा: तहसीलदारों की हड़ताल से निपटने के लिए सरकार ने DRO और SDM को सौंपी रजिस्ट्री की पावर
चंडीगढ़। हरियाणा में तहसीलदारों की हड़ताल के चलते रजिस्ट्री कार्य प्रभावित होने पर प्रदेश सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। लोगों को राहत देने के लिए सरकार ने जिला मुख्यालयों पर डीआरओ (जिला राजस्व अधिकारी) तथा उप तहसीलों और उपमंडल स्तर पर एसडीएम को रजिस्ट्री करने की शक्ति सौंप दी है।
प्रदेश भर में हड़ताल के कारण 10,077 रजिस्ट्रियां लंबित पड़ी हैं। गुरुग्राम में सबसे अधिक 2435 रजिस्ट्रियां पेंडिंग हैं, जबकि हांसी में कोई रजिस्ट्री लंबित नहीं है। इसके अलावा फरीदाबाद में 713, सोनीपत में 647 और रेवाड़ी में 523 रजिस्ट्रियां लंबित बताई जा रही हैं।
रजिस्ट्री का कार्य रुके रहने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। सरकार के इस फैसले से उम्मीद जताई जा रही है कि लंबित रजिस्ट्रियों का कार्य जल्द पूरा हो सकेगा और लोगों को राहत मिलेगी।