logo

किन्नरों पर चाकू से हमला: आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, एसपी कार्यालय पहुंचे दर्जनों किन्नर

किन्नरों पर चाकू से हमला: आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, एसपी कार्यालय पहुंचे दर्जनों किन्नर

मऊ। जनपद मऊ में किन्नरों पर हुए चाकू से जानलेवा हमले के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित दर्जनों किन्नर सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। किन्नरों ने एसपी को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

यह मामला बीते 5 फरवरी का है। थाना दक्षिण टोला क्षेत्र के जहांगीराबाद निवासी सलोनी किन्नर और उनके एक साथी पर चाकू से हमला किया गया था, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सलोनी किन्नर ने बताया कि उन्हें जहांगीराबाद निवासी हबीबुर्रहमान की बहू शायरा ने बधाई बजाने के लिए बुलाया था। बधाई के दौरान गाना गाने और कथित छेड़खानी को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद हबीबुर्रहमान के बेटे सफिकुर्रहमान, उसकी पत्नी नजराना और जाकिया उर्फ आसफिया सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

आरोप है कि इसी दौरान सफिकुर्रहमान ने चाकू निकाल लिया, जिससे डरकर किन्नर वहां से भागने लगे। पीछा कर सलोनी किन्नर की पीठ पर चाकू से वार किया गया। बीच-बचाव में आए सुमन किन्नर, ज्योति और नेहा सहित अन्य लोगों पर भी चाकू से हमला किया गया।

मामले में थाना दक्षिण टोला में तीन नामजद सहित कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, लेकिन अब तक गिरफ्तारी न होने से किन्नरों में भारी रोष है। प्रदर्शन के दौरान किन्नरों ने न्याय की मांग करते हुए जल्द कार्रवाई की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
#किन्नरसमाचार #MauPolice
#KnifeAttack #TransgenderRights #UPNews #CrimeNews #
सुधीर कुमार यादव
AIMA मिडिया
जनपद -मऊ

0
99 views