logo

पंजाब में घर के बाहर खेल रहा 9 साल का मासूम अचानक हुआ लापता, FIR के लिए भटकता रहा परिवार, दो दिन बाद मिला शव

पंजाब के लुधियाना जिले में घर के बाहर खेलता एक बच्चा अचानक गायब हो गया। परिवार तलाश में जुटा रहा, पुलिस चौकियों के चक्कर कटते रहे और हर घंटे के साथ परिजनों की चिंता बढ़ती रही। लेकिन दो दिन बाद वही हुआ जिसका डर था, मासूम की लाश खेतों में मिली। पुलिस के अनुसार, बच्चे का शव कासाबाद गांव के पास खेतों में मिला, जहां उसका गला कटा हुआ था। शुरुआती जांच में ही यह मामला हत्या की ओर इशारा कर रहा था। मृतक बच्चे का परिवार उत्तर प्रदेश से है, जो लुधियाना की अनमोल कॉलोनी में किराए पर रह रहा था।
परिजनों का कहना है कि गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे बच्चा घर के बाहर खेलते समय अचानक गायब हो गया। जिसके बाद परिवार ने खुद उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि जब वे पुलिस के पास पहुंचे, तो उन्हें एक थाने से दूसरे थाने भेजा गया। पहले बस्ती जोधेवाल थाना, फिर सलेम टाबरी और उसके बाद मेहरबान थाना हर जगह उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि मामला उनके क्षेत्राधिकार में नहीं आता। इस दौरान दो दिन तक कोई एफआईआर ही नहीं दर्ज की गई।

*परिवार ने क्या बताया*

परिवार के रिश्तेदार सनी वर्मा के मुताबिक, आखिरकार शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात करीब तीन बजे, वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद सलेम टाबरी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। शनिवार सुबह ही बच्चे का शव उस जगह से कुछ ही मीटर की दूरी पर मिला, जहां परिवार किराए पर रहता था। बच्चे के दादा राम प्रसाद, जो पेशे से माली हैं, ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका पोता खेलते-खेलते लापता हुआ था।
गले पर धारदार हथियार से हमला
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त समीर वर्मा ने बताया कि शव के गले पर धारदार हथियार के निशान मिले है पहली नजर में ही मामला सोची समझी हत्या का लग रहा है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक कुछ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली गई हैं, जिनमें बच्चा दिखाई दे रहा है आरोपियों की पहचान जारी है और बहुत जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा। FIR में देरी को लेकर पुलिस का कहना है कि इसमें परिवार की ही गलती है वह पहले ऐसे थाने पहुंचे, जिनके क्षेत्र में मामला नहीं आता था। सलेम टाबरी थाना पहुंचते ही FIR दर्ज कर ली गई और बाद में उसमें हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गईं।
Reporter
Deepak kumar
Jalandhar punjab
9/02/2026

8
311 views