
लैंबॉर्गिनी से 6 लोगों को टक्कर मारने वाले करोड़पति बिजनेसमैन केके मिश्रा के बेटे शिवम की पूरी कहानी सामने आ गई, कौन है ये?
कानपुर में करोड़ों की कार लैंबॉर्गिनी से 6 लोगों को टक्कर मारने वाले शिवम मिश्रा का नाम सुर्खियों में बना हुआ है. शिवम मिश्रा कानपुर के बड़े बिजनेसमैन केके मिश्रा का बेटा है. रविवार को शिवम मिश्रा की कार ने पहले बाइक और फिर ऑटो को टक्कर मार दी जिससे कई लोग घायल हो गए. हादसे के बाद FIR में शिवम मिश्रा का नाम दर्ज हो गया. इस घटना की जानकारी सामने आते ही हर कोई जानना चाहता है कि आखिर शिवम मिश्रा और उसके पिता केके मिश्रा कौन हैंकौन हैं केके मिश्रा?
केके मिश्रा कानपुर में स्थित प्रतिष्ठित बंशीधर टोबैको ग्रुप के मालिक हैं. उनकी कंपनी देश की प्रमुख तंबाकू आपूर्ति करने वाली कंपनियों में शामिल है जो कई नामी पान मसाला और तंबाकू ब्रांड्स को कच्चा माल उपलब्ध कराती है. कंपनी का कारोबारी नेटवर्क उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली, मुंबई, गुजरात समेत कई राज्यों तक फैला हुआ है. करीब 90 साल पहले स्थापित यह कंपनी कानपुर की पारंपरिक और बड़ी औद्योगिक इकाइयों में गिनी जाती है
मार्च 2024 में बंशीधर टोबैको ग्रुप उस वक्त देशभर में चर्चा में आया जब आयकर विभाग ने कंपनी और इससे जुड़े 20 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. यह कार्रवाई कानपुर, दिल्ली, मुंबई और गुजरात समेत कई राज्यों में की गई थी. जांच के दौरान सामने आया कि कंपनी से जुड़े अधिकांश बड़े फैसले शिवम मिश्रा ही लेता है. केके मिश्रा के दिल्ली आवास से भारी मात्रा में नकदी, महंगी डायमंड घड़ियां और सुपर लग्जरी कारों के दस्तावेज मिलने की खबरें सामने आई थीं. जांच एजेंसियों ने करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी और बेहिसाब संपत्तियों से जुड़े सबूत मिलने का दावा किया था जिसके बाद शिवम मिश्रा का नाम देशभर में चर्चित हो गया.