logo

दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर भीषण हादसा चावल से लदे ट्रक की टक्कर से दर्शनार्थियों से भरी पिकअप चकनाचूर, दर्जनभर से अधिक घायल


दमोह/जबेरा।
दमोह–जबलपुर स्टेट हाईवे पर फाल्को नाला मंदिर के सामने शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दमोह से जबलपुर की ओर जा रहे चावल से लदे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से भिड़ी पिकअप को तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिकअप में सवार दर्शनार्थियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया है कि पिकअप वाहन गोसलपुर (जबलपुर) से बांदकपुर दर्शन के लिए जा रही थी, जिसमें करीब दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु सवार थे। हादसा इतना भयावह था कि पिकअप में बैठे दर्जनभर से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में महिला श्रद्धालु भी शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जबेरा विकास सिंह चौहान एवं सिग्रामपुर चौकी प्रभारी गणेश दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को 108 एंबुलेंस व निजी वाहनों की सहायता से कटंगी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां सभी का उपचार जारी है।
दुर्घटना के बाद स्टेट हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर मार्ग बहाल कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और भारी ट्रक की यह टक्कर एक बार फिर स्टेट हाईवे पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलती नजर आई।

17
1168 views