logo

निवेशकों का पैसा लौटेगा या सिर्फ़ चर्चाओं का जाल? सीएमडी के भूमिगत होने को लेकर कई आशंकाएँ।

खुटार/शाहजहांपुर।
कैनविज सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निवेशकों को उनका पैसा वापस मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन इस संबंध में अब तक कोई ठोस या आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। कंपनी के सीएमडी द्वारा समय-समय पर किए गए वादों के लगातार पूरे न होने से निवेशकों में असंतोष और आक्रोश गहराता चला गया।
सूत्र बताते हैं कि बार-बार झूठे साबित हो रहे आश्वासनों के चलते सीएमडी निवेशकों के सामने आमने-सामने आने की स्थिति में नहीं रहे। वहीं, कमांडर द्वारा निवेशकों की रकम कहीं अन्यत्र निवेश किए जाने की चर्चाएँ भी सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि वहां से बार-बार संदेश दिए जाते रहे—“इस तारीख को भुगतान होगा”, “उस तारीख को पैसा मिलेगा”, और इसी तरह निवेशकों को लगातार भरोसे में रखा जाता रहा।
हालांकि तय समय पर भुगतान न हो पाने के कारण सीएमडी की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। इससे निवेशकों का गुस्सा बढ़ता गया और हालात तनावपूर्ण होते चले गए।
सूत्रों का यह भी कहना है कि यदि उस दौरान कमांडर या सीएमडी निवेशकों के सामने आते, तो स्थिति बिगड़ने और किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। इसके अलावा, पुलिस की पकड़ में आने की स्थिति में निवेशकों का पैसा और अधिक फंसने की संभावना भी जताई जा रही है। वहीं किसी अनहोनी की दशा में भुगतान की उम्मीद पूरी तरह खत्म हो सकती थी। इन्हीं संभावित जोखिमों को देखते हुए भूमिगत रहना उन्हें अपेक्षाकृत सुरक्षित विकल्प लगा—ऐसी चर्चाएँ जोर पकड़ रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही कहीं फंसा हुआ फंड खाली होगा, निवेशकों को भुगतान किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन यह दावा भी फिलहाल चर्चाओं तक ही सीमित है।
कुल मिलाकर, पूरे मामले में सच्चाई क्या है—यह कहना अभी मुश्किल है। किसी भी स्तर पर अब तक कोई आधिकारिक या ठोस पुष्टि नहीं हो सकी है। निवेशकों की निगाहें अब अप्रैल के बाद संभावित भुगतान पर टिकी हैं, लेकिन पैसा वास्तव में लौटेगा या नहीं, इसका जवाब आने वाला समय ही देगा।

0
239 views