logo

प्रतापगढ़ लूटकांड में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली सर्राफा से 9.60 लाख रूपए नगद 3 किलो चांदी की लूट की गई थी

प्रतापगढ़ के देल्हूपुर थाना क्षेत्र में अयोध्या प्रयागराज हाईवे पर एक सर्राफा व्यापारी से 9.60 रुपए नगर और 3 किलो चांदी की लूट के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। पुलिस टीम में पीड़ित सर्राफा और उसके कारीगर के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
सूत्रों के अनुसार, टोल प्लाजा पार करने के बाद गजेहड़ा जंगल पहुंचने से पहले पीड़ित ने दो बार और उसके कारीगर ने एक बार कार रोककर लघुशंका की थी। यह तब हुआ जब उनके पास भारी मात्रा में नकदी और चांदी मौजूद थी। इसके अलावा, पुलिस जांच के दौरान कार की सीट के नीचे से करीब चार किलो अतिरिक्त चांदी मिली, जिसकी जानकारी पीड़ित ने पहले नहीं दी थी।

अमेठी जिले के रामगंज निवासी सर्राफ रितेश मौर्य अपने कारीगर विकास सोनी (जौनपुर निवासी) के साथ प्रयागराज से चांदी खरीदकर कार से घर लौट रहे थे। शुक्रवार रात करीब नौ बजे गजेहड़ा जंगल के पास पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उनकी कार रुकवा ली। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनसे 9.60लाख रुपये नकद और तीन किलो चांदी लूट ली और प्रयागराज की ओर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, सीओ, एएसपी पूर्वी और एसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देर रात तक आसपास के मार्गों और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन बदमाशों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी।

इन परिस्थितियों को लेकर क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा कर रही है।

11
2127 views