झालावाड़ पुलिस की कार्रवाई के बाद एमपी के आदमपुरा जंगल में भी तस्कर फेंक गए 5 करोड़ कीमत का केमिकल
झालावाड़| झालरापाटन पुलिस ने 4 फरवरी की रात कोटा से मध्यप्रदेश के गोघटपुर में संचालित ड्रग्स फैक्ट्री में जा रहा 320 लीटर केमिकल पकड़ा था। झालावाड़ पुलिस की कार्रवाई के बाद शनिवार रात एमपी की माचलपुर पुलिस ने भी आदमपुरा के जंगल से 5 ड्रमों में 266.9 किलोग्राम केमिकल पकड़ा है, जिसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपए है। यह केमिकल ड्रग बनाने के उपयोग में आता है। गोघटपुर गांव में ड्रग फैक्ट्री के पकड़े जाने के चार दिन बाद ही माचलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात करीब 5 करोड़ रुपए कीमत का ड्रग बनाने वाला केमिकल बरामद हुआ है। आशंका है कि कार्रवाई के डर से तस्करों ने ये केमिकल जंगल में फेंक दिया। माचलपुर पुलिस 7–8 फरवरी की रात नियमित पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि आदमपुरा के जंगल के खेत में संदिग्ध ड्रम फेंके गए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो खेत में नीले रंग के 5 ड्रम मिले। जांच में ड्रमों में सफेद क्रिस्टल जैसा केमिकल पाउडर मिला, जिससे तीव्र गंध आ रही थी। तौल करने पर वजन 266.9 किलोग्राम निकला। पुलिस ने दावा किया कि यह एमडी ड्रग्स बनाने में उपयोग होने वाला केमिकल है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ रुपए है। Aima media news