
ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, भूसा बिखरने से हाइवे पर लगा लंबा जाम
ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के दावे साबित हो रहे खोखले
शाहजहांपुर। रोजा थाना क्षेत्र के गुररी चौकी के पास शनिवार को भूसे से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर हाइवे पर पलट गई। हादसे के बाद सड़क पर भूसा फैल गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक वाहन ने अचानक ओवरटेक किया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा। ट्रॉली डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। वहीं ओवरटेक करने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाने के लिए क्रेन मंगाई गई। हालांकि बचाव कार्य के दौरान क्रेन की बेल्ट टूट जाने से कार्रवाई में बाधा उत्पन्न हो गई। पुलिस भूसा हटवाकर जाम खुलवाने में जुटी रही।
इस घटना ने एक बार फिर ओवरलोड वाहनों पर प्रशासनिक कार्रवाई के दावों की पोल खोल दी है।
परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा यातायात सुरक्षा माह में चलाए जाने वाले चेकिंग अभियानों के बावजूद ओवरलोड वाहन खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
रोजा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।