logo

टेंट लगाते समय करंट की चपेट में आए चार मजदूर, एक की हालत गंभीर

शाहजहांपुर। थाना निगोही क्षेत्र के संडाखास गांव में शादी की तैयारी के दौरान टेंट लगाते समय बड़ा हादसा हो गया। लोहे का पोल ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन से छू जाने पर चार मजदूर करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इनमें से तीन को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया गया कि गांव के एक व्यक्ति की बेटी की शादी के लिए प्राइवेट स्कूल परिसर में टेंट लगाया जा रहा था। मजदूर जैसे ही लोहे का पोल उठाकर खड़ा करने लगे, वह बिजली के तार से टकरा गया। इसके बाद तेज धमाके के साथ चारों मजदूर झुलस गए।

घायलों में कटैया गांव निवासी रामू, ऋषिपाल, संडाखास निवासी राजकुमार और एक अन्य मजदूर शामिल हैं। एक मजदूर मामूली रूप से झुलसा, जिसे अस्पताल नहीं ले जाया गया। जबकि रामू, राजकुमार और ऋषिपाल को निजी एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

मजदूरों ने बताया कि स्कूल के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार काफी नीचे थे, जिससे पोल छू गया। ग्रामीणों का कहना है कि इन तारों को हटाने के लिए कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ईएमओ डॉक्टर मेहराज अहमद ने बताया कि तीन मजदूर झुलसे हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

10
505 views