logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आमजन प्रेक्षकों से भी कर सकेंगे आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत, नगर निकाय चुनाव को लेकर धनबाद में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद

नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह तैयार, सभी 1016 बूथ होंगे मॉडल बूथ

धनबाद | 8 फरवरी 2026-:धनबाद जिले में नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 23 फरवरी को होने वाले मतदान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी आदित्य रंजन ने चुनाव तैयारियों को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि धनबाद नगर निगम के 468 भवनों में 974 तथा चिरकुंडा नगर परिषद के 32 भवनों में 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

कुल 1016 मतदान केंद्र होंगे और सभी को मॉडल बूथ के रूप में विकसित किया गया है। प्रत्येक बूथ पर एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी, दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष सुविधा और पीडब्ल्यूडी वोटरों के लिए व्यवस्था रहेगी।

उन्होंने बताया कि निष्पक्ष चुनाव के लिए फ्लाइंग स्क्वायड टीम (FST), स्टेटिक सर्विलांस टीम (SST), चेक पोस्ट, सीसीटीवी कैमरे, कंट्रोल रूम, कंप्लेन मॉनिटरिंग सेल और एक्सपेंडिचर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत आमजन सीधे कंप्लेन मॉनिटरिंग सेल या प्रेक्षकों से कर सकते हैं।

उपायुक्त ने जानकारी दी कि धनबाद नगर निगम क्षेत्र में 158 सामान्य, 648 संवेदनशील और 168 अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं, जबकि चिरकुंडा नगर परिषद में 40 सामान्य और 2 संवेदनशील मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

मतदान सामग्री का डिस्पैच 23 फरवरी को बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से होगा, जबकि मतदान के बाद सामग्री धनबाद पॉलिटेक्निक में रिसीव की जाएगी। मतगणना 27 फरवरी को धनबाद पॉलिटेक्निक में ही होगी। चुनाव संचालन के लिए 6000 से अधिक कर्मी, 180 बस और 500 से अधिक वाहन लगाए गए हैं।

मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप कोषांग को भी सक्रिय किया गया है। जिन क्षेत्रों में पिछले चुनाव में मतदान प्रतिशत कम रहा था, वहां विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

इस मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि हर मतदान केंद्र पर पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। अति संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त बल के साथ क्विक रिस्पांस टीम और रशिंग पार्टी भी भ्रमणशील रहेगी। सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल 24 घंटे सक्रिय है।

एसएसपी ने बताया कि जिले में कुल 1016 लाइसेंसी शस्त्र हैं, जिनमें से 189 शस्त्र अब तक जमा किए जा चुके हैं। शेष लाइसेंसधारियों को 15 फरवरी तक अपने शस्त्र नजदीकी थाना में जमा करना अनिवार्य होगा, अन्यथा लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।

नकद लेन-देन पर निगरानी को लेकर उन्होंने कहा कि 1.99 लाख रुपये से अधिक नकद मिलने पर उसके स्रोत की जानकारी देनी होगी, जबकि 10 लाख रुपये से अधिक नकद मिलने पर आयकर विभाग को सूचना दी जाएगी। सभी बैंकों को भी संदिग्ध खातों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पत्रकार वार्ता में जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बावरी, सभी निर्वाची पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

9
213 views

Comment