logo

घने कोहरे में लापरवाही बनी हादसे की वजह, परतावल चौराहे पर बस–डीसीएम की जोरदार टक्कर

February 8, 2026 | AIMA MEDIA
रिपोर्टर: जितेंद्र चौबे, महराजगंज
महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत परतावल चौराहे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। महराजगंज रोड पर सड़क किनारे खड़ी एक डीसीएम में पीछे से तेज रफ्तार यात्री बस जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार पांच यात्री घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस गोरखपुर से नेपाल स्थित मदरिया पहाड़ मेले की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था। यात्रियों का आरोप है कि चालक वाहन चलाते समय लापरवाही बरत रहा था और पानी पीने में व्यस्त था। इसी दौरान उसका नियंत्रण बिगड़ गया और बस सीधे खड़ी डीसीएम से टकरा गई।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया।

चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करा दिया गया है और उनकी स्थिति अब सामान्य है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर घने कोहरे में वाहन चालकों की सतर्कता और जिम्मेदारी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।

12
610 views