आठ फरवरी : दुनिया के पहले इलेक्ट्रानिक शेयर बाजार नासडैक की शुरुआत
नयी दिल्ली: आठ फरवरी (भाषा) यदि इतिहास के पन्नों को पलटते हुए आठ फरवरी की तारीख पर जाएं तो पाएंगे कि यही वह दिन है, जब अमेरिका में दुनिया के पहले इलेक्ट्रॉनिक शेयर बाजार नासडैक की शुरूआत हुई। अमेरिका के वॉल स्ट्रीट में करीब पांच दशक से नासडैक वित्तीय बाजार का केन्द्र बना हुआ है।नासडैक शुरू होने से पहले शेयर बाजार में निवेश के लिए ‘ओवर द काउंटर’ तरीका चलता था। इसी इंडेक्स ने उभरती हुई कंपनियों में निवेश के लिए आईपीओ का प्रचलन भी शुरू किया। नासडैक का मकसद ऐसे बाजार का निर्माण था, जहां निवेशक शेयर को तेज और पारदर्शी तरीके से कंप्यूटर की मदद से खरीद-बेच सकें। नासडैक दुनिया भर के लिए शेयर को इलेक्ट्रॉनिक रूप में खरीदने और बेचने का एक वैश्विक बाजार बना।