logo

सरकारी रास्ते पर अवैध कब्जे का आरोप, दबंगई की भेंट चढ़ी किसान की ईख की फसल

उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र से एक किसान के साथ अन्याय का गंभीर मामला सामने आया है। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के ग्राम नवादा खुर्द में एक किसान ने गांव के ही दबंग व्यक्ति पर सरकारी कच्चे रास्ते पर कब्जा कर उसकी ईख की फसल बर्बाद करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित किसान का कहना है कि नहर की पटरी के साथ-साथ सरकार द्वारा दोनों ओर कच्चे रास्ते छोड़े गए हैं, जिससे किसानों को अपने खेतों तक आवागमन में सुविधा मिल सके। आरोप है कि गांव निवासी हरेंद्र पुत्र चमन सिंह ने दबंगई दिखाते हुए इसी सरकारी रास्ते पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है।
किसान के अनुसार नहर की पटरी के किनारे उसकी ईख की फसल खड़ी है, लेकिन बीच में आरोपी का खेत होने के कारण वह जानबूझकर रास्ता बंद कर रहा है। इससे न केवल किसान का खेत तक पहुंचना मुश्किल हो गया है, बल्कि उसकी ईख की फसल को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।
पीड़ित का आरोप है कि उसने इस संबंध में प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। न्याय न मिलने से हताश किसान लगातार अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर है।
वहीं, गांव के अन्य ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस मामले में हस्तक्षेप नहीं किया, तो दबंगों के हौसले और बढ़ेंगे और ऐसे मामलों में इजाफा होगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन कब इस मामले का संज्ञान लेकर सरकारी रास्ते को कब्जामुक्त कराएगा और पीड़ित किसान को न्याय दिलाएगा।

31
2414 views