
झालरापाटन में छोटे भाई की शादी के चंद घंटों बाद बड़े भाई की मौत
झालरापाटन की चंद्रावती कॉलोनी में शुक्रवार देर रात छोटे भाई की शादी की रस्में पूरी कर सोए 31 वर्षीय निशांत सेन की शनिवार सुबह मौत हो गई। एक दिन पूर्व तक परिवार में छाई खुशियां अचानक हुए इस हादसे से मातम में बदल गई।
मृतक निशांत सेन (31) के छोटे भाई हिमांशु की शादी के कार्यक्रम एक मैरिज गार्डन में थे। शादी की रस्में पूरी होने के बाद निशांत सहित सभी परिजन शुक्रवार देर रात को करीब 2 बजे सोए थे।
शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे निशांत की नींद खुली और अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल एसआरजी अस्पताल ले जाया गया। आधे घंटे के उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर झालरापाटन पुलिस को घटना की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस एसआरजी अस्पताल पहुंची और पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि मौत का असल कारण हार्ट अटैक था या कुछ और। रात 2 बजे तक साथ थे, सुबह हमेशा के लिए बिछड़ गए परिजनों ने बताया कि निशांत बड़ा भाई होने के नाते शादी की सभी रस्मों और व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाले हुए थे। शादी वाले घर में सुबह नई बहू के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सबसे बुरा असर छोटे भाई हिमांशु पर पड़ा। वह इस खबर बर्दाश्त नहीं कर सका। हिमांशु की तबीयत बिगड़ी कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जवान मौत की खबर से कॉलोनी में सन्नाटा पसर गया। निशांत सेन के परिवार में पत्नी पूजा और बेटा कृष्णा है। घर में मौजूद बुजुर्ग दादी और माता-पिता है। रिश्तेदारों ने बताया कि निशांत मिलनसार थे और परिवार की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे थे।
Aima media jhalawar