
वाराणसी : बकायेदारों पर सख्त हुआ नगर निगम, 70 दुकानदारों को अल्टीमेटम, तीन दिन में किराया जमा नहीं किया तो होगी कुर्की
वाराणसी। नगर निगम ने बकाया राजस्व वसूली को लेकर सख्त कदम उठाते हुए भैंसा वाड़ा और नया चौक क्षेत्र की 70 दुकानों को दोबारा नोटिस जारी किया है। निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर बकाया किराया जमा नहीं किया गया, तो दुकानों का आवंटन निरस्त कर पुलिस बल की मदद से उन्हें खाली कराया जाएगा। इस कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
नगर निगम ने पहले ही दुकानदारों की सुविधा के लिए किराया भुगतान की प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल कर दिया है। सभी दुकानों पर क्यूआर कोड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि दुकानदार आसानी से ऑनलाइन भुगतान कर सकें। इसके बावजूद कई दुकानदारों द्वारा किराया जमा करने में लगातार हीलाहवाली की जा रही है। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने बताया कि इससे पहले करीब 600 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कुछ दुकानदारों द्वारा लगातार अनदेखी किए जाने के बाद अब सीधे सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया है।
नगर निगम के अनुसार जिन 70 दुकानों को नोटिस दिया गया है, उन पर कुल 28 लाख 57 हजार 693 रुपये का किराया बकाया है। इसमें भैंसा वाड़ा क्षेत्र की 25 दुकानों पर 14 लाख 36 हजार 631 रुपये और नया चौक क्षेत्र की 45 दुकानों पर 14 लाख 21 हजार 062 रुपये का बकाया शामिल है। यह सभी दुकानदार लंबे समय से किराया जमा नहीं कर रहे हैं।
सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि इन दुकानदारों को अंतिम रूप से तीन दिन की मोहलत दी गई है। यदि निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं किया गया, तो दुकानों का आवंटन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद भी यदि दुकानदार सहयोग नहीं करते हैं, तो पुलिस बल की मौजूदगी में दुकानों का ताला तोड़कर निगम उन्हें अपने कब्जे में ले लेगा। नगर निगम के पास शहरभर में लगभग 1800 दुकानें हैं, और आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की सख्ती का असर राजस्व वसूली पर भी साफ नजर आ रहा है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में जहां दुकानों से महज 80 लाख रुपये की वसूली हुई थी, वहीं 2024-25 में यह आंकड़ा बढ़कर 2.72 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 3.80 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है। इस तरह पिछले तीन वर्षों में दुकान किराए की वसूली लगभग पौने पांच गुना बढ़ गई है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बकाया भुगतान को लेकर आगे भी सख्त रुख जारी रहेगा।