
छबड़ा जैन समाज ने धूमधाम से मनाया
सुपार्श्वनाथ भगवान एवं चन्द्र प्रभु भगवान का मोक्ष कल्याणक महोत्सव।
निर्वाण लाडू अर्पित, मंदिर में रहा उत्साह व भक्ति का वातावरण।
छबड़ा:स्थानीय दिगंबर जैन समाज द्वारा शनिवार को जैन धर्म के सातवें तीर्थंकर भगवान सुपार्श्वनाथ एवं आठवें तीर्थंकर भगवान चन्द्र प्रभु का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा एवं भक्ति भाव से धूमधाम के साथ मनाया गया।इस अवसर पर प्रातः मंदिर जी में अभिषेक एवं शांति धारा का आयोजन किया गया,जिसके पश्चात दोनों भगवानों को निर्वाण लाडू अर्पित किए गए।साथ ही नित्य नियम अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न हुई।जैन समाज अध्यक्ष प्रकाशचन्द लुहाड़िया ने बताया कि समाज द्वारा आयोजित इस महोत्सव में प्रातःकाल अभिषेक-शांति धारा के उपरांत निर्वाण कांड का वाचन किया गया तथा भगवान सुपार्श्वनाथ एवं भगवान चन्द्र प्रभु के पृथक-पृथक निर्वाण लाडू चढ़ाए गए।इसके बाद देव-शास्त्र-गुरु,भगवान आदिनाथ,महावीर स्वामी,सुपार्श्वनाथ,चन्द्र प्रभु, मुनिसुव्रतनाथ भगवान सहित अन्य तीर्थंकरों की नित्य नियम पूजा-अर्चना की गई। अंत में महा आरती का आयोजन हुआ।महोत्सव के दौरान आयोजित सभी धार्मिक कार्यक्रमों में समाज के महिला-पुरुषों एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर पूर्ण श्रद्धा और धार्मिक भावना का परिचय दिया। पूरे दिन मंदिर परिसर में उमंग, उल्लास एवं भक्ति का वातावरण बना रहा।